Home Home News News Watch Watch Shorts Shorts Web Stories Web Stories

Loksabha Election 2024 Rajasthan : राजस्थान की 13 सीटों पर दोपहर 3 बजे तक 50.27 फीसदी मतदान, 2.80 करोड़ मतदाता, 152 उम्मीदवार

03:58 PM Apr 26, 2024 | Vivek Chaturvedi

Loksabha Election 2024 Rajasthan Voting Day : जयपुर। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज राजस्थान में भी 13 सीटों पर मतदान हो रहा है। यहां दोपहर 3  बजे तक 50.27 प्रतिशत मतदाता मतदान कर चुके हैं। शाम तक 28 हजार 758 पोलिंग बूथों पर 2.80 करोड़ वोटर्स मतदान कर 152 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद करेंगे। इसके लिए मतदान केंद्रों पर एक लाख 72 हजार कर्मचारी तैनात हैं, तो 82 हजार से ज्यादा जवान सुरक्षा में मुस्तैद हैं।

राजस्थान में 13 सीटों पर मतदान

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज 13 सीटों पर मतदान हो रहा है। इनमें जोधपुर, जालोर-सिरोही, बांसवाड़ा-डूंगरपुर, बारां-झालावाड़, चित्तौड़गढ़, टोंक- सवाईमाधोपुर, अजमेर, कोटा, भीलवाड़ा, राजसमंद, पाली, बाड़मेर- जैसलमेर, उदयपुर शामिल हैं।

13 लोकसभा सीटों में से 6 सीट हॉट

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान वाली इन 13 सीटों में से 6 पर कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। इनमें कोटा- लोकसभा क्षेत्र से लोकसभा स्पीकर ओम बिरला बीजेपी की ओर से चुनाव मैदान में हैं, जिनका भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले प्रहलाद गुंजल से मुकाबला हो रहा है। जोधपुर में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह और कांग्रेस से करण सिंह उचियारडा के बीच टक्कर चल रही है।

2 पूर्व सीएम के बेटे मैदान में

जालोर- सिरोही में अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। जिनका भाजपा के लुम्बाराम चौधरी से मुकाबला है। बारां-झालावाड़ से पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा के बेटे दुष्यंत सिंह और कांग्रेस की उर्मिला जैन भाया मैदान में हैं। बांसवाड़ा- डूंगरपुर में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए महेंद्रजीत मालवीया का बीएपी-कांग्रेस के गठबंधन प्रत्याशी राजकुमार से मुकाबला है। तो बाड़मेर जैसलमेर में केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, कांग्रेस के उम्मेदाराम और निर्दलीय रविंद्र भाटी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।

यह भी पढ़ें : Loksabha Election 2024 Rajasthan : मतदाता घर बैठे पता करें…पोलिंग बूथ पर कितनी लंबी है कतार, यह है तरीका ?

7 अन्य सीटों पर सियासी योद्धा

अजमेर में भाजपा से भागीरथ चौधरी, कांग्रेस से रामचंद्र चौधरी। टोंक- सवाईमाधोपुर में भाजपा से सुखबीर सिंह जौनपुरिया, कांग्रेस से हरीश मीना। राजसमंद में बीजेपी से महिमा विश्वेश्वर सिंह, कांग्रेस से सुदर्शन सिंह रावत। पाली में भाजपा से पीपी चौधरी, कांग्रेस से संगीता बेनीवाल। चित्तौड़गढ़ में बीजेपी से सीपी जोशी, कांग्रेस से अनिल चोपड़ा। भीलवाड़ा में बीजेपी से दामोदर अग्रवाल और कांग्रेस से सीपी जोशी। उदयपुर में बीजेपी से मन्नालाल रावत और कांग्रेस से ताराचंद मीणा के बीच चुनावी मुकाबला है।

यह भी पढ़ें : Loksabha Election 2024: राजस्थान की आधी सीटों पर भाजपा आश्वस्त, इन सीटों पर मिल रही है चुनौती

1.72 लाख कर्मचारी करा रहे वोटिंग

राजस्थान में 13 लोकसभा सीटों के 28 हजार 758 पोलिंग बूथ पर मतदान हो रहा है। इन सीटों पर 2 करोड़ 80 लाख मतदाता हैं, जिन्हें मतदान की सुविधा देने के लिए पोलिंग बूथों पर एक लाख 72 हजार कर्मचारी तैनात हैं। तो शांति कानून व्यवस्था का ख्याल रखने के लिए 82 हजार से ज्यादा जवान मुस्तैद हैं। इनमें राजस्थान पुलिस के जवानों के अलावा होमगार्ड, आरएसी और सीएपीएफ के जवान भी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें : Lok Sabha Elections 2024: चुनाव आयोग का बड़ा एक्शन, पीएम मोदी और राहुल गांधी के भाषणों पर किया नोटिस जारी