Home Home News News Watch Watch Shorts Shorts Web Stories Web Stories

Loksabha Elecction 2024 Rajasthan : दिल्ली में कांग्रेस का शाही परिवार कांग्रेस को वोट नहीं देगा, तो आपसे वोट मांगने का क्या हक ?- मोदी

06:51 PM Apr 21, 2024 | Vivek Chaturvedi

Loksabha Elecction 2024 PM Modi Banswara Rajasthan :लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के सियासी संग्राम में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान में जालोर के बाद बांसवाड़ा में चुनावी सभा की। पीएम मोदी ने यहां से भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस का शाही परिवार ही कांग्रेस को वोट नहीं देगा। तो कांग्रेस को आपसे वोट मांगने का क्या हक है ?

कांग्रेस को वोट नहीं देगा शाही परिवार

पीएम मोदी ने बांसवाड़ा में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वार्थ और अवसरवादिता में घिरी कांग्रेस की हालत ऐसी हो गई है कि आजादी के बाद पहली बार दिल्ली में जो कांग्रेस का शाही परिवार रहता है…वो कांग्रेस को वोट नहीं देगा। अगर यह शाही परिवार कांग्रेस को वोट नहीं देता है तो कांग्रेस को आपसे वोट मांगने का क्या हक है। जहां इस शाही परिवार के लोग रहते हैं, वहां कांग्रेस चुनाव ही नहीं लड़ रही है। पहली बार कांग्रेस की ऐसी दुर्दशा हो रही है, उनका शाही परिवार खुद कांग्रेस को वोट नहीं कर पाएगा।

बांसवाड़ा में भी कांग्रेस का यही हाल

पीएम मोदी ने कहा कि ऐसा ही कुछ राजस्थान में हो रहा है। पहले कांग्रेस वाले कहते थे भाजपा को वोट मत दो। लेकिन बांसवाड़ा में कांग्रेस के नेता घर- घर जाकर कह रहे हैं…कांग्रेस को वोट मत दो।

कांग्रेस ने डराया…भारत डर से आगे निकल चुका

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा दलित- आदिवासियों को डराया है। कभी अल्पसंख्यकों को डराया। आज भी यह लोग लोकतंत्र, संविधान, आरक्षण को लेकर झूठ फैला रहे हैं। लोगों में डर फैला रहे हैं। लेकिन, भारत डर से आगे निकल चुका है, इसलिए इनका डर का झूठ नहीं चल पा रहा है। कांग्रेस के खिलाफ आदिवासी समाज में आक्रोश है। कांग्रेस को कभी आदिवासी कल्याण के लिए कोई मंत्रालय, बजट बनाने का मन नहीं हुआ। अटलजी की सरकार आई, तब आदिवासियों के लिए अलग मिनिस्ट्री बनी, बजट दिया गया।

यह भी पढ़ें : Loksabha Election 2024 Rajasthan : INDIA अलायंस में अभी से लड़ाई, लूट के लिए कितनी होगी, ऐसे लोगों को देश सौंपेगे क्या ?- मोदी

वागड़ से बीजेपी का पुराना रिश्ता

पीएम मोदी ने कहा कि वागड़ से भाजपा का रिश्ता बहुत पुराना है। यहां की वीर धरा ने हमेशा भाजपा पर अपना विश्वास जताया है। आज की परिस्थितियों में पूरे वागड़ का भाजपा के साथ रहना जरूरी है। भारत में स्थिर और मजबूत सरकार का होना बहुत जरूरी है। एक ऐसी सरकार जो सरहदों की रक्षा कर सके और जरूरत पड़े तो पाताल में भी खोजकर दुश्मनों का सफाया कर सके। एक ऐसी सरकार जो देश की महिला, किसान, गरीब, वंचित, जनजाति, पिछड़ा वर्ग सहित सभी वर्गों को सम्मान और समृद्धि की तरफ ले जा सके। जो सरकार युवाओं के सपनों को समझे और उनके लिए नीतियां बनाए। जो देश में भविष्य के हिसाब से इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कर सके।

यह भी पढ़ें : MP Lok Sabha Election: राहुल गांधी की सेहत खराब, सतना दौरा किया निरस्त, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे की होगी सभा

बिजली बिल जीरो हो, इसलिए हर घर सूर्य घर

पीएम मोदी ने कहा कि मेरी गारंटी है आने वाले पांच साल मुफ्त राशन मिलता रहेगा। इसका सबसे ज्यादा फायदा आदिवासी, दलित, पिछड़े परिवारों को हुआ है। पानी और गैस के बाद अब मोदी का मिशन हर घर सूर्य घर बनाने का है। मेरी कोशिश है आपका बिजली का बिल जीरो हो जाए। इसके लिए सरकार घर की छत पर छोटा सा सोलर प्लांट लगाने के लिए आपको आर्थिक मदद करेगी। जितनी जरूरत है उतनी बिजली उपयोग करो। अतिरिक्त बिजली सरकार खरीदेगी, उससे कमाई करो। अपने देश को मजबूत बनाने के लिए मुझे हर परिवार को मजबूत बनाना है।

यह भी पढ़ें : Loksabha Election 2024 Rajasthan: 58.28 फीसदी मतदान में बुजर्गों की भागीदारी ज्यादा, काम आया होम वोटिंग आइडिया

बांसवाड़ा- डूंगरपुर के सियासी योद्धा कौन ?

बांसवाड़ा- डूंगरपुर लोकसभा सीट पर इस बार दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। यहां भाजपा ने महेंद्रजीत मालवीया को चुनाव मैदान में उतारा है, मालवीया हाल ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। भाजपा के मालवीया का मुकाबला बीएपी के राजकुमार रोत से है, जबकि कांग्रेस यहां बीएपी के साथ गठबंधन में है। हालांकि गठबंधन के बावजूद यहां तकनीकी कारणों से कांग्रेस के सिम्बल पर अरविंद डामोर भी चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। लेकिन कांग्रेस यहां बीएपी का चुनाव प्रचार कर बीएपी प्रत्याशी राजकुमार रोत को जिताने की अपील कर रही है।