Home Home News News Watch Watch Shorts Shorts Web Stories Web Stories

गुना में CM मोहन यादव का तंज, कहा प्रियंका गांधी शादीशुदा फिर भी नहीं पहनतीं मंगलसूत्र, वोट के लिए गांधी सरनेम लगाकर घूम रहे लोग

10:39 PM Apr 27, 2024 | Sandeep

CM Mohan Yadav in Guna गुना। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा पर बड़ा बयान दे डाला। उन्होंने कहा कि वह शादीशुदा होने के बावजूद मंगलसूत्र नहीं पहनतीं। सीएम मोहन यादव यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि हमारे यहां बेटी विदा हो जाए तो ससुराल का सरनेम लगा लेती है। लेकिन वोट के चक्कर में प्रियंका गांधी वाडरा सरनेम भूल रही हैं। सीएम डॉ. मोहन यादव शनिवार को गुना लोकसभा क्षेत्र के बमोरी विधासभा क्षेत्र के म्याना में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। वह लोकसभा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए वोट मांगने पहुंचे थे।

म्याना में मंच से मोहन यादव कांग्रेस पर जमकर बरसे । मंच से उन्होंने प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “एक नादान अभी बोल रही है कि मंगलसूत्र का मोदी से क्या लेना-देना। तुम्हारी शादी कहां हुई। तुम्हारी शादी तो क्रिश्चियन के यहां हुई। चलो हमारे प्रधानमंत्री की तो शादी नहीं हुई। तुमने तो दुर्भाग्य से शादी भी वहां नहीं की.. नेहरू जी की आत्मा आंसू बहा रही होगी कि मेरे घर में कहां की पोती पैदा हो गई जो मंगलसूत्र तक नहीं पहनती। शादीशुदा बावजूद भी”।

यह भी पढ़े: सीएम अरविन्द केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आज देश-विदेश में सामूहिक उपवास

आगे उन्होंने कहा, “हमारे यहां तो बेटी विदा हो जाए तो जो वहां का सरनेम होता है, वो लगा लेती है। लेकिन ये वोट के भूखे लोग, वोट के चक्कर में सरनेम भूल रहे हैं। आज भी गांधी लगाके घूम रहे हैं। प्रियंका भी गांधी हो गई। वो असली गांधी के बच्चे बेचारे पता नहीं आज भी कहां होंगे, ये नकली गांधी वोट के चक्कर में गांधी-गांधी के नाम पर वोट ले रहे हैं”। इस दौरान दिसंबर में गुना में हुए बस हादसे के बाद मोहन सरकार ने प्रशासनिक अधिकारियों पर जो कार्रवाई की, उसके बारे में भी जानकारी दी।

वह यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों ने राम मंदिर का निमंत्रण ठुकरा दिया। ये कांग्रेसी रावण से जायदा अहंकारी हो गए हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार कमल अपने पास हो गया और नथा अनाथ हो गया। कहा कि आज मोदी जी की आंधी में सब पत्ते की तरह उड़ गए।

बिना लाइट परेशान रही जनता

सीएम मोहन यादव की जनसभा को लेकर सुबह नौ बजे से म्याना में बिजली की आपूर्ति को बंद कर दिया गया। म्याना के लोग चिलचिलाती गर्मी में बिना लाइट के परेशान हुए। म्याना में जिस जगह सीएम मोहन यादव की सभा थी, उसके ऊपर से बिजली के तार जा रहे थे। इसके चलते सुरक्षा की दृष्टि से म्याना में सुबह नौ से शाम छह बजे तक बिजली को बंद रखा गया। वहीं, डॉ. मोहन यादव के आने का समय दोपहर 1:45 बजे का था लेकिन वह 2 घंटे देरी से आए। इसी बीच म्याना निवासी पूरे दिन बिना लाइट के परेशान रहे।